
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित टाउन हॉल के पास युवकों पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। यह घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। घटना में एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हुआ है, जिसे इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
अस्पताल में भर्ती युवक का नाम अभिषेक गिरी बताया जा रहा है, जो सिदगोड़ा के विद्यापति नगर का निवासी है। अभिषेक एक फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट है। जानकारी के मुताबिक, देर रात कुछ युवकों ने अभिषेक और उसके साथी अजय रविदास पर हमला कर दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
हमला करने के मामले में अमित सिंह, अभिषेक सिंह, रितिक सिंह और देप्पू नाम के युवकों पर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की और उनसे 10 हजार रुपये भी लूट लिए। हालांकि, पुलिस ने अब तक किसी भी आरोपी के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से छानबीन की जा रही है।
फिलहाल, हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

