
Hemant Soren : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ उनकी विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई तथा उन्होंने कई दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर हेमंत सोरेन ने कहा कि युवा हमारे राज्य की सबसे बड़ी ताकत हैं। हमारी प्राथमिकता है कि उन्हें ऐसी गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुख और मार्केट-ओरिएंटेड शिक्षा मिले, जो उन्हें भविष्य के अवसरों के लिए तैयार करे।
बैठक में कई निर्देशों के साथ-साथ विभाग को यह भी निर्देश दिया कि झारखंड स्टेट यूनिवर्सिटी सर्विस कमीशन से जुड़े मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि रिक्त पदों पर समयबद्ध नियुक्तियां हो सकें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राज्य के महाविद्यालयों को उनकी रैंकिंग के आधार पर श्रेणीबद्ध कर उनकी
आवश्यकताओं के अनुरूप सुधारात्मक कार्ययोजना तैयार करें। हमारी सरकार उच्च एवं तकनीकी शिक्षा को अधिक सशक्त, आधुनिक और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

