सदर अस्पतालों में खुलेगा अत्याधुनिक मातृ-शिशु विंग, हर जिले में बनेगा स्पेशल सी-सेक्शन सेंटर

झारखंड में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी सदर अस्पतालों में अत्याधुनिक सी-विंग अस्पताल विकसित होंगे। यहां गर्भवती महिलाओं और नवजातों को एकीकृत सुविधाएं मिलेंगी।

2 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग बड़ा कदम उठाने जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विभाग को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया है। इसके तहत राज्य के सभी सदर अस्पतालों में अत्याधुनिक सी-विंग (मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल) विकसित किए जाएंगे। जहां गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को एक ही परिसर में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

योजना के अनुसार प्रत्येक जिला सदर अस्पताल में सुरक्षित प्रसव, नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल तथा महिलाओं के इलाज के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस केंद्र स्थापित किए जाएंगे। अस्पतालों में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, प्रशिक्षित नर्सें, आधुनिक लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर और एसएनसीयू जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

सरकार का लक्ष्य प्रत्येक जिले में प्रसव के लिए 100 बेड का स्पेशल केयर सेंटर विकसित करना है। साथ ही सभी सदर अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में सी-सेक्शन ऑपरेशन की सुविधा शुरू करने की योजना है। इसके लिए ऑपरेशन थिएटर, मोटराइज्ड ऑपरेशन टेबल, आधुनिक लाइट और सी-आर्म इमेजिंग जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। रांची सदर अस्पताल में पिछले माह 680 प्रसव हुए थे, जिनमें 422 सी-सेक्शन के माध्यम से कराए गए। सरकार का उद्देश्य है कि ऐसे मामलों का दबाव केवल रांची तक सीमित न रहे, बल्कि सभी जिलों में उच्च गुणवत्ता वाली मातृ-शिशु सेवाएं उपलब्ध हों, ताकि महिलाओं को अपने जिले में ही बेहतर इलाज मिल सके।

सी-विंग अस्पताल मिलेगी प्रमुख सुविधाएं

गर्भवती महिलाओं के लिए अलग सी-विंग ब्लॉक।
मां और नवजात की एक ही परिसर में देखभाल।
आधुनिक उपकरणों और उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता।
प्रसव से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही अस्पताल परिसर में।
नवजात शिशुओं के लिए विशेष आईसीयू एवं देखभाल इकाई।
विशेषज्ञ डॉक्टरों, प्रशिक्षित नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।