
Ranchi News : राजधानी रांची के कांटाटोली इलाके में ऑटो चालक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में ऑटो मालिक मोहम्मद असलम और संतु उर्फ जुबरेल कुरैशी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, ऑटो चालक समीर उर्फ सोनू ने ऑटो चलाने से इनकार किया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। घटना में समीर गंभीर रूप से झुलस गया।
घायल चालक का इलाज फिलहाल रिम्स, रांची में चल रहा है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद पीड़ित की ओर से लोअर बाजार थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

