
Giridih News : झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ की कोबरा-209 बटालियन को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के स्पेशल एरिया कमेटी (SAC) के शीर्ष कमांडर और 25 लाख रुपये के इनामी नक्सली अजय महतो उर्फ मोछू उर्फ टाइगर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 17 जुलाई को खुखरा थाना क्षेत्र के हरलाडीह ओपी इलाके के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी डॉ. विमल कुमार के नेतृत्व में गिरिडीह पुलिस और कोबरा-209 बटालियन ने संयुक्त अभियान चलाया। तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर पिपराडीह (खवासटांड़ टोला) के जंगलों की घेराबंदी कर अजय महतो को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी ने बताया कि अजय महतो वर्ष 2005 से माओवादी संगठन से जुड़ा हुआ था। संगठन में वह लेवी वसूली, हथियार और विस्फोटक जुटाने के साथ-साथ बड़े नक्सली हमलों की साजिश और संचालन की जिम्मेदारी संभालता था। वह पारसनाथ, सारंडा और लुगू पहाड़ जैसे इलाकों में लंबे समय तक सक्रिय रहा है।
पुलिस के अनुसार, अजय महतो के खिलाफ हत्या, आईईडी विस्फोट, सुरक्षाबलों पर हमला, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस मुखबिरी के शक में हत्याओं समेत 240 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 68 मामले केवल गिरिडीह जिले में दर्ज हैं, जबकि पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, चतरा, रामगढ़ और सरायकेला सहित कई जिलों में भी उसके खिलाफ केस दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से झारखंड में माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। साथ ही नक्सली संगठन से जुड़े लोगों से अपील की गई है कि वे आत्मसमर्पण कर राज्य सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं।

