

- दहेज, नशा, साइबर फ्रॉड और डायन प्रथा पर हुई खरी-खरी बात, मेडिकल कैंप में बरसाती बीमारियों का मुफ्त इलाज
Mahuadanr News : महुआडांड़, प्रखंड के ओरसा पंचायत भवन पुलिस और प्रशासन के लिए “जन संवाद” का केंद्र बन गया। डीएसपी पूजा कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इस जागरूकता बैठक में क्षेत्र की समस्याओं पर खुलकर चर्चा हुई और समाधान का रास्ता भी निकला। बैठक में महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार, महिला थाना प्रभारी सुशीला केशरी, मुखिया अमृता देवी और ग्राम प्रधान की उपस्थिति में आसपास के दर्जनों गांवों से महिला-पुरुष पहुंचे।





“अपराध नहीं, अब जागरूकता चलेगी”
डीएसपी पूजा कुमारी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा पुलिस का काम सिर्फ केस दर्ज करना नहीं है। हमारा मकसद है आपको जागरूक करके अपराध से पहले ही रोकना।
बैठक में ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई:
– दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और बाल विवाह पर कड़ी कानूनी कार्रवाई
–
– मानव तस्करी और डायन प्रथा जैसी कुप्रथा को जड़ से मिटाने का आह्वान
– अवैध जावा-महुआ शराब के निर्माण-बिक्री पर जीरो टॉलरेंस की चेतावनी
–
– सड़क सुरक्षा, नशा उन्मूलन और जमीन विवाद निपटारे के उपाय
–
– आपात सेवा Dial-112 को हर मोबाइल में सेव करने की अपील
महिला थाना प्रभारी सुशीला केशरी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और हेल्पलाइन नंबर याद रखने को कहा।
सरकारी योजनाओं की अड़चनें हुईं दूर
कार्यक्रम का दूसरा बड़ा उद्देश्य सरकारी योजनाओं को जमीन तक पहुंचाना था। ग्रामीणों ने पेंशन, आवास, वृद्धा पेंशन और राशन में आ रही दिक्कतें बताईं। अधिकारियों ने मौके पर ही कई आवेदनों का निपटारा किया। बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए उनके बीच टॉफी और बिस्कुट वितरित किए गए।
बरसात में राहत बना मेडिकल कैंप
CHC महुआडांड़ की टीम ने पंचायत भवन परिसर में ही निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया। बरसाती मौसम में फैल रहे बुखार, डायरिया, सर्दी-खांसी और त्वचा रोग के 200 से अधिक मरीजों की जांच कर दवाएं दी गईं। डॉक्टरों ने साफ-सफाई, उबला पानी और मच्छर से बचाव के गुर भी बताए।
“गांव-गांव जाएगी ये मुहिम”
मुखिया अमृता देवी ने कहा कि ऐसी पहल से गांव में जागरूकता बढ़ेगी। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि अवैध कारोबार की सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान ने सभी का आभार जताया। पुलिस ने बताया कि ये “जन संवाद” अभियान अब प्रखंड के हर पंचायत में चलेगा।
