
Jamshedpur News : जमशेदपुर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक बड़ी वारदात होने से रोक दी। जुगसलाई थाना क्षेत्र में हत्या की साजिश रच रहे 10 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में एक जिला बदर अपराधी, एक ड्रग्स तस्कर और एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन, कई जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा बरामद किया है।
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी स्थित रेलवे पुल के नीचे कुछ लोग हथियारों के साथ इकट्ठा होकर एक युवक की हत्या की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की और मुख्य आरोपी मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने ईदगाह मैदान के पास छापेमारी कर पांच अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। आरोपियों की निशानदेही पर शिव घाट स्थित रिसाइक्लिंग प्लांट के पास छिपाकर रखा गया एक और देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा पटनहिया मोहल्ला मैदान के पास से एक जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा भी मिला।
जांच में यह भी सामने आया कि 19 जुलाई को जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। पूछताछ में मुख्य आरोपी मो. खुर्शीद ने स्वीकार किया कि ब्राउन शुगर के कारोबार में करीब 15 से 16 लाख रुपये के लेन-देन और निजी रंजिश के चलते वह अपने पूर्व सहयोगी मो. निजाम की हत्या की योजना बना रहा था। वहीं आरोपी मो. शहजादा ने भी पुरानी दुश्मनी और पारिवारिक विवाद के कारण इस साजिश में शामिल होने की बात कबूल की।
पुलिस के मुताबिक, मो. खुर्शीद पहले से जिला बदर घोषित है। इसके बावजूद जिले में प्रवेश कर अपराध की योजना बनाने के आरोप में उसके खिलाफ झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम (JCCA) के तहत अलग मामला दर्ज किया गया है। वहीं पूरे मामले में जुगसलाई थाना में बीएनएस, आर्म्स एक्ट और जेसीसीए की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

