
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पर्यटन व खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के अधिकारियों समेत सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को रांची में आयोजित होने वाले 135वें डूरंड कप-2026 के उद्घाटन समारोह और उद्घाटन मैच में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन, 23 आईबीजी के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल सज्जन सिंह मान, डूरंड कप के नोडल अधिकारी कर्नल हेम चंद्रा और सहायक नोडल अधिकारी मेजर आनंद प्रकाश शामिल थे।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि रांची में 26 जुलाई 2026 से डूरंड कप के 135वें संस्करण का आयोजन शुरू होगा। इसी क्रम में उद्घाटन समारोह और पहला मुकाबला भी आयोजित किया जाएगा। इस दौरान डूरंड कप आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया।

