
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने भ्रष्टाचार के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने वाहन जांच के दौरान कथित तौर पर रिश्वत लेने के आरोप में तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
वाहन जांच के दौरान सामने आया मामला
जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह बिष्टुपुर के गोपाल मैदान के पास ट्रैफिक पुलिस की ओर से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना हेलमेट बाइक चला रहे एक युवक को रोका गया। आरोप है कि नियमों के तहत चालान काटने के बजाय उससे कथित तौर पर पैसे लेकर जाने दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
रिपोर्ट तलब करने के बाद SSP ने लिया सख्त फैसला
मामले की सूचना मिलने पर एसएसपी ने ट्रैफिक डीएसपी नीरज से पूरी घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी। प्रारंभिक जांच में आरोपों को गंभीर मानते हुए तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि ड्यूटी के दौरान रिश्वतखोरी, भ्रष्टाचार या किसी भी तरह की अनुशासनहीनता को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभागीय जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

