
रांची : रांची पुलिस ने रथ मेला के दौरान मोबाइल छिनतई और चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों और एक नाबालिग को दबोचा है। रथ मेला-2026 के दौरान लगातार सामने आ रही चोरी और छिनतई की घटनाओं को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीनियर डीएसपी हटिया नीरज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम ने कार्रवाई करते हुए जेपी मार्केट और प्रभात तारा मैदान इलाके से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया व एक किशोर को निरुद्ध किया।
पुलिस की पूछताछ और पड़ताल में खुलासा हुआ कि इन आरोपियों ने 20 जुलाई को विधानसभा थाना क्षेत्र से एक रेडमी 5जी मोबाइल और 22 जुलाई को धुर्वा थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार महिला से मोबाइल की छिनतई की थी। इसके अलावा 23 जुलाई की रात पुलिस गश्त के दौरान गिरोह का एक और सदस्य धराया जिसके पास से मेले की दुकानों से चोरी किए गए सैंडल, बैग और अन्य सामान बरामद हुए।गिरफ्तार अभियुक्त में प्रकाश कुमार, शिवम कुजूरऔर एक विधि-विरुद्ध किशोर शामिल है। उनके पास से छीना गया रेडमी 5जी मोबाइल, R1-5 मोटरसाइकिल, Gixer बाइक, मेले की दुकानों से चोरी किए गए विभिन्न सामान है। इस छापेमारी दल में सीनियर डीएसपी नीरज कुमार, धुर्वा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी, विधानसभा थाना प्रभारी दिनेश ठाकुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

