
रांची: राजधानी में घुरती रथ यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा मौसीबाड़ी से वापस मुख्य मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। घुरती रथ यात्रा शनिवार शाम 4 बजे शुरू होगी। इससे पहले दोपहर 2:50 बजे के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में दर्शन बंद कर दिए जाएंगे, ताकि रथ यात्रा की तैयारियां और व्यवस्थाएं सुचारू रूप से पूरी की जा सकें।
भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव
प्रशासन को घुरती रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। इसे देखते हुए यातायात व्यवस्था में भी विशेष बदलाव किए गए हैं। आज बिरसा चौक से धुर्वा तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं पुरानी विधानसभा से मेला परिसर तक दोपहिया वाहनों का संचालन भी प्रतिबंधित रहेगा।
हालांकि धुर्वा से चांदनी चौक होते हुए बिरसा चौक तक वाहनों का आवागमन सामान्य रूप से जारी रहेगा। इसी तरह बिरसा चौक से धुर्वा जाने वाले वाहन चांदनी चौक मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें, ताकि घुरती रथ यात्रा शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

