महाराष्ट्र: सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 70 लाख रुपये की ठगी, पांच के खिलाफ मामला दर्ज

ठाणे में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से 70 लाख रुपये ठगे गए। फर्जी नियुक्ति पत्र और पहचान पत्र देकर आरोपियों ने विश्वास जीता, पुलिस ने पांच लोगों पर केस दर्ज किया।

News Aroma
1 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 28 वर्षीय युवक से 70 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है और इस संबंध में पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने युवक को राज्य के राजस्व एवं वन विभाग में ‘क्लर्क-सह-टाइपिस्ट’ की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। उसका विश्वास जीतने के लिए उन्होंने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की फर्जी मुहर और हस्ताक्षर वाला नियुक्ति पत्र तथा उसके नाम से एक नकली सरकारी पहचान पत्र भी तैयार कर उसे सौंप दिया।
इन दस्तावेजों को असली मानकर युवक ने पिछले एक वर्ष के दौरान अलग-अलग किस्तों में आरोपियों को कुल 70 लाख रुपये दे दिए। हालांकि, लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने पर उसे ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस ने बताया कि जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और उसे धमकी भी दी।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर नरपोली पुलिस थाने में शुक्रवार को पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share This Article