
रांची: रांची स्थित नेपाल हाउस के समक्ष सोमवार को झारखंड मल्टी पर्पज हेल्थ वर्कर (एमपीडब्ल्यू) ने अपनी सेवा स्थाईकरण समेत विभिन्न लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। पिछले 18 वर्षों से राज्य की जनस्वास्थ्य सेवाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में अहम भूमिका निभा रहे ये कर्मचारी सरकार की उदासीनता के खिलाफ आक्रोशित हैं। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से सेवाएं देने के बावजूद उनके स्थाईकरण की मांग को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार जल्द ही उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। इसके तहत वे न केवल भूख हड़ताल पर बैठेंगे, बल्कि आगामी ‘श्रावणी मेला 2026’ में अपनी प्रतिनियुक्ति का सामूहिक बहिष्कार भी करेंगे। कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार ने सरकार से बिना किसी देरी के उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और सेवा स्थाईकरण की दिशा में ठोस कदम उठाने की अपील की है।

