राज्य के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में स्मार्ट क्लासरूम व डिजिटल लाइब्रेरी का होगा विस्तार, जानें क्या मिलेंगी सुविधाएं

झारखंड के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक तकनीकी सुविधाओं के विस्तार की तैयारी, ऑनलाइन सर्वे के आधार पर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा नया स्वरूप।

News Aroma
1 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने राज्य के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में स्मार्ट क्लासरूम व डिजिटल लाइब्रेरी का विस्तार करने के लिए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार करने की पहल शुरू की है। इस योजना के तहत राजकीय विश्वविद्यालयों, अंगीभूत (कांस्टिटुएंट) कॉलेजों और तकनीकी संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं का आकलन करने के लिए एक राज्यस्तरीय ऑनलाइन सर्वे कराया जा रहा है।
उच्च शिक्षा निदेशक सह कार्यपालक निदेशक सुधीर बाड़ा के अनुसार इस सर्वे का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि वर्तमान में किस संस्थान में कितने स्मार्ट क्लासरूम, लाइब्रेरी, डिजिटल संसाधन और तकनीकी उपकरण चालू स्थिति में हैं। संस्थानों को 31 जुलाई तक गूगल फॉर्म के जरिए यह संपूर्ण जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।
सर्वे से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर जरूरत के अनुसार नए स्मार्ट क्लासरूम की स्थापना, पुराने उपकरणों का नवीनीकरण और लाइब्रेरी का स्वचालन (ऑटोमेशन) किया जाएगा। इससे पूरे राज्य के उच्च शिक्षण संस्थानों में एक मजबूत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार होगा, जिससे छात्रों को शोध और आधुनिक पठन-पाठन के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

Share This Article