देवघर: आगामी 30 जुलाई से सावन का पावन महीना शुरु होने वाला है। इस महीने में भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा भक्तों पर बनती है वहीं झारखंड में यह महीना और भी खास हो जाता है क्योंकि झारखंड में बाबा भोलेनाथ का दिव्य ज्योतिर्लिंग देवघर में बाबा बैद्यनाथ धाम है। देवघर में श्रावणी मेले की तैयारी शुरु हो चुकी है और प्रशासन भी इसे लेकर अलर्ट मोड पर काम कर रही है।
बता दें 30 जुलाई से शुरू होने वाले एक महीने के श्रावण मेले के लिए एआई आधारित ड्रोन, फेस रिकग्निशन कैमरों और 11,500 पुलिसकर्मियों की तैनाती सहित हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, हर साल इस मेले में 35 से 40 लाख श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रावण मास के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम और दुमका के बाबा बासुकीनाथ धाम में पूजा अर्चना के लिए आते हैं।
इस बारे में देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि देवघर शहर और उसके आसपास 100 पुलिस चौकियां बनाई गई हैं और हजारों सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मंदिर परिसर और उसके आसपास एआई आधारित ड्रोन निगरानी और चेहरे को पहचानने वाले कैमरे लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर परिसर और आसपास 1,200 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की तीन कंपनियां, द्रुत कार्य बल, झारखंड जगुआर की दो टीम तथा बम निरोधक एवं निस्तारण दस्ता तैनात किया जाएगा।

