

डेस्कः बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार तड़के बड़ा हादसा टल गया। सुबह करीब 3 बजे पैसेंजर ट्रेन नंबर 63344 (समस्तीपुर–सहरसा) के इंजन और उससे जुड़े कोच में अचानक आग लग गई। आग लगते ही स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। लपटें देखकर दूसरे डिब्बों में बैठे यात्री भी घबराकर ट्रेन से उतरने लगे। देखते ही देखते आग तीन बोगियों तक फैल गई। आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार से स्टेशन परिसर में भगदड़ जैसे हालात बन गए।





आग की सूचना मिलते ही ट्रेन में चीख-पुकार मच गई। यात्री बिना देर किए अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से बाहर निकलने लगे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ, स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद सुबह 6 बजे के बाद सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर रेल यातायात सामान्य हो सका। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। आग पूरी तरह बुझने के बाद तकनीकी जांच की जाएगी। जिसके बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
