चतरा में भीड़ का खौफनाक फैसला, दुष्कर्म के आरोप में युवक को पीट-पीटकर मार डाला

चतरा के टंडवा में कथित दुष्कर्म के आरोप के बाद भीड़ ने युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मामले में एसआईटी जांच और फास्ट ट्रैक कोर्ट की मांग उठी।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Chatra News : झारखंड के चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव गांव में भीड़ हिंसा की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नाबालिग लड़की से कथित दुष्कर्म के आरोप में ग्रामीणों ने मोहम्मद इमरोज़ नाम के युवक को घर से निकालकर बेरहमी से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल इमरोज़ को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हजारीबाग में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।

बताया जा रहा है कि एक दिन पहले गांव की एक नाबालिग लड़की शौच के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि उसके साथ अपहरण और दुष्कर्म की घटना हुई। जब लड़की ने घर लौटकर परिजनों को पूरी बात बताई तो गांव के लोगों का गुस्सा भड़क गया। आक्रोशित भीड़ आरोपी के घर पहुंची और उसे बाहर निकालकर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया।

घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में इमरोज़ के पिता को खंभे से बांधकर मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। कुछ लोगों का आरोप है कि पुलिस के पहुंचने के बावजूद भीड़ का हमला जारी रहा। हालांकि टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन ने इस दावे से इनकार करते हुए कहा कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही मारपीट हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने युवक को भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

निष्पक्ष जांच की मांग तेज

मोहम्मद इमरोज़ की मौत के बाद इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है। हजारीबाग नगर निगम के पूर्व मेयर प्रत्याशी मोहम्मद सरफराज अहमद ने कहा कि यदि पुलिस की मौजूदगी में लापरवाही हुई है तो इसकी स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने झारखंड सरकार से इस पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी (SIT) गठित करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने के लिए मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की भी मांग की गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और इलाके में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।