रांची : रांची रेल मंडल के किता-सिल्ली रेलखंड पर 22 सितंबर 2026 को विकास कार्य के लिए ब्लॉक लिया जाएगा। इसका सीधा असर कई ट्रेनों के परिचालन पर पड़ेगा। इस दौरान कुछ ट्रेनें रास्ते में ही समाप्त कर दी जाएंगी, जबकि कुछ ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह रद्द रहेगा।

आंशिक रूप से चलेंगी ट्रेनें
बर्द्धमान-हटिया-बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 13503/13504 का 22 सितंबर को गोमो स्टेशन तक ही परिचालन होगा। यहां ट्रेन का आंशिक समापन किया जाएगा और यहीं से इसे वापस आंशिक रूप से रवाना किया जाएगा। गोमो और हटिया के बीच इस ट्रेन का परिचालन रद्द रहेगा।
इसी तरह खड़गपुर-हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 18035/18036 भी 22 सितंबर को पूरी तरह अपने निर्धारित मार्ग पर नहीं चलेगी। ट्रेन का आंशिक समापन आद्रा स्टेशन पर किया जाएगा और यहीं से इसका आंशिक प्रारंभ होगा। आद्रा और हटिया के बीच ट्रेन नहीं चलेगी।
वहीं, आसनसोल-रांची-आसनसोल मेमू पैसेंजर ट्रेन संख्या 63598/63597 का भी परिचालन प्रभावित रहेगा। 22 सितंबर को ट्रेन का आंशिक समापन मूरी स्टेशनपर होगा और वहीं से इसे वापस रवाना किया जाएगा। मूरी और रांची के बीच ट्रेन का परिचालन रद्द रहेगा।
दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें पूरी तरह रद्द
विकास कार्य के चलते 22 सितंबर को हटिया-सांकी-हटिया पैसेंजर ट्रेन संख्या 58663/58664 का परिचालन पूरी तरह रद्द रहेगा। इसके अलावा हटिया-सांकी-हटिया पैसेंजर ट्रेन संख्या 58665/58666 भी 22 सितंबर को नहीं चलेगी। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि 22 सितंबर को यात्रा की योजना बनाने से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन की जानकारी जरूर जांच लें, क्योंकि विकास कार्य के कारण कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।


