नेपाल में आठ राजनीतिक दलों ने मिलकर बनाया ‘प्रोग्रेसिव फ्रंट’

नेपाल में आठ राजनीतिक दलों ने साझा मुद्दों और समान एजेंडे पर ‘प्रोग्रेसिव फ्रंट’ गठबंधन बनाया। मोर्चा सामाजिक भेदभाव खत्म कर न्यायपूर्ण, समावेशी और लोकतांत्रिक समाज बनाने की बात कहता है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

काठमांडू: नेपाल के आठ राजनीतिक दलों ने ‘‘साझा राजनीतिक मुद्दों और समान एजेंडे’’ के आधार पर ‘प्रोग्रेसिव फ्रंट’ नाम से एक नए गठबंधन के गठन की घोषणा की है।

काठमांडू में शनिवार को आयोजित एक कार्यक्रम में इस गठबंधन की घोषणा की गई। इसमें जनता समाजवादी पार्टी (जेएसपी), जनमत पार्टी (जेपी), आम जनता पार्टी (एजेपी), नागरिक उन्मुक्ति पार्टी नेपाल (एनयूपीएन), प्रगतिशील लोकतांत्रिक पार्टी (पीएलपी), नेपाल संघीय समाजवादी पार्टी (एनएसएसपी), बहुजन समाजवादी पार्टी नेपाल (बीएसपीएन) और खम्बुवान राष्ट्रीय मोर्चा (केआरएम) शामिल हैं।

‘प्रोग्रेसिव फ्रंट’ की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह गठबंधन साझा राजनीतिक मुद्दों और समान एजेंडे के आधार पर आगे बढ़ने की तैयारी कर रहा है।

यह गठबंधन ऐसे समय में बनाया गया है, जब मधेस आधारित दलों और कुछ अन्य छोटे राजनीतिक दलों के बीच राजनीतिक सहयोग और समन्वय स्थापित करने के प्रयास जारी हैं।

बयान में कहा गया है कि यह मोर्चा लोगों की जाति, धर्म और वर्ग के आधार पर होने वाले सभी प्रकार के भेदभाव और असमानताओं को समाप्त कर ‘‘न्यायपूर्ण, समावेशी और भेदभाव रहित एकीकृत समाज’’ के निर्माण के लिए काम करेगा।

इसमें कहा गया है कि यह मोर्चा संघीय, लोकतांत्रिक गणतांत्रिक शासन व्यवस्था और समावेशी लोकतांत्रिक प्रणाली को व्यावहारिक रूप से संस्थागत बनाने और विकसित करने का भी लक्ष्य रखता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, संघीय संसद में प्रतिनिधित्व नहीं होने के बावजूद इस नए गठबंधन के नेपाल के राजनीतिक परिदृश्य पर असर पड़ने की संभावना है।

संयुक्त बयान पर हस्ताक्षर करने वालों में जेएसपी के उपेंद्र यादव, जनमत पार्टी के सीके राउत, एजेपी के प्रभु साह, एनयूपीएन के रेशम चौधरी, पीएलपी के संतोष परियार, एनएसएसपी के रिजवान अंसारी, बीएसपीएन के हरिनंदह के. रंजन और केआरएम के राम कुमार राय शामिल हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।