
सिमडेगा : सावन की बारिश के साथ ही सिमडेगा स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल केलाघाघ का नजारा पूरी तरह बदल गया है। चारों ओर फैली हरियाली, बादलों से घिरे ऊंचे पहाड़ और डैम से छलकते पानी के बीच गिरता झरना यहां की खूबसूरती में चार चांद लगा रहा है। बारिश के बाद केलाघाघ की वादियां किसी खूबसूरत तस्वीर की तरह नजर आ रही हैं।
पहाड़ों के बीच डैम और झरने का मनमोहक दृश्य पर्यटकों को बरबस अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। दूर-दराज से लोग परिवार और दोस्तों के साथ यहां पहुंच रहे हैं और प्रकृति की हसीन वादियों के बीच सुकून के पल बिता रहे हैं। झरने की कल-कल आवाज, ठंडी हवाएं और चारों ओर हरियाली का नजारा लोगों को रोमांचित कर रहा है।

सावन में केलाघाघ की खूबसूरती देखने के लिए पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है। यहां आने वाले लोग प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने के साथ-साथ खूबसूरत तस्वीरें और वीडियो भी बना रहे हैं। प्रकृति प्रेमियों के लिए सावन का यह मौसम केलाघाघ को घूमने के लिए खास बना रहा है। पहाड़, पानी और हरियाली का अनोखा संगम इसे झारखंड के खूबसूरत पर्यटन स्थलों में एक खास पहचान देता है।

