सुवर्णरेखा और खरकई नदी उफान पर, खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा जलस्तर

जमशेदपुर में लगातार बारिश से सुवर्णरेखा और खरकई नदी उफान पर, खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा जलस्तर; कई तटीय इलाकों में घरों में घुसा पानी, बढ़ी चिंता।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण पूर्वी सिंहभूम जिले की जीवनरेखा मानी जाने वाली सुवर्णरेखा और खरकई नदी एक बार फिर उफान पर हैं। दोनों नदियों का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। इसके कारण नदी किनारे बसे कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। आदित्यपुर में खरकई नदी का जलस्तर 133.85 मीटर पहुंच गया है, जबकि खतरे का निशान 130 मीटर है। यानी नदी खतरे के निशान से 3.85 मीटर ऊपर बह रही है। वहीं, सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर करीब 123.50 मीटर पहुंच गया है, जबकि इसका खतरे का निशान 121.50 मीटर है।

जलस्तर बढ़ने के कारण रात से ही बागबेड़ा, रानीडीह, मतलाडीह, जुगसलाई, आदित्यपुर, राम मड़ैया बस्ती, लंका टोला, कदमा शास्त्रीनगर और भाटिया पार्क समेत कई तटीय इलाकों में घरों में पानी घुसने की सूचना है। नदी का पानी बढ़ने से स्थानीय लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। पश्चिमी हिस्सों के सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू और गढ़वा के अलावा दक्षिण-पूर्वी और मध्य झारखंड के रांची, खूंटी, हजारीबाग और रामगढ़ में भी बारिश की संभावना है। फिलहाल प्रशासन पूरे हालात पर नजर बनाए हुए है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, सतर्क रहने और नदी के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।