खनिज संशोधन पर BJP को JMM की दो टूक, विनोद पांडेय बोले-झारखंड के अधिकार पर दिल्ली का पहरा क्यों?

JMM महासचिव विनोद पांडेय ने JMBL Cess को लेकर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने झारखंड के खनिज अधिकार, राजस्व, संवैधानिक संघवाद और केंद्र की भूमिका पर सवाल उठाए।

11 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने प्रेस बयान जारी कर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास झारखंड से जुड़े अहम सवालों का ठोस जवाब नहीं है। पांडेय के मुताबिक, जब मुद्दा झारखंड के संवैधानिक अधिकार, खनिज संपदा और राज्य के राजस्व का हो, तब भाजपा जवाब देने के बजाय भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता अब जागरूक है और सब समझ रही है। पांडेय ने आरोप लगाया कि झारखंड से निर्वाचित भाजपा सांसद केंद्र सरकार के इस कथित प्रयास पर चुप हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि जनता सब देख और समझ रही है।

विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि अगर केंद्र सरकार का प्रस्ताव राज्यों के अधिकारों को प्रभावित नहीं करता, तो खनिज अधिकारों और खनिजयुक्त भूमि पर राज्य सरकारों की ओर से लगाए जाने वाले कर, सेस और लेवी को केंद्र की तय शर्तों के अधीन करने की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने भाजपा से ‘वन नेशन, वन टैक्स’ की आड़ में राज्यों के अधिकारों को कमजोर नहीं करने की अपील की।

JMM का दावा- JMBL Cess कोई मनमाना टैक्स नहीं

झामुमो के अनुसार, खनिज वहन भूमि उपकर यानी JMBL Cess कोई मनमाना टैक्स नहीं है और न ही झारखंड सरकार ने इसे किसी प्रशासनिक आदेश के जरिए लगाया है। पार्टी ने कहा कि जुलाई 2024 में सुप्रीम कोर्ट की नौ सदस्यीय संविधान पीठ ने स्पष्ट किया था कि खनिजयुक्त भूमि भी भूमि है। संविधान की राज्य सूची के तहत राज्य सरकारों को ऐसी भूमि पर कर लगाने का अधिकार है। इसी संवैधानिक अधिकार के आधार पर झारखंड विधानसभा ने कानून बनाया।

विनोद पांडेय ने सवाल उठाया कि जब सुप्रीम कोर्ट राज्यों के इस अधिकार को मान्यता दे चुका है, तो संसद के कानून के जरिए उसे व्यवहार में सीमित करने की कोशिश किस संघीय भावना के तहत की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर प्रस्तावित विधेयक राज्यों के अधिकार नहीं छीनता, तो केंद्र को यह तय करने की शक्ति क्यों चाहिए कि राज्य खनिजयुक्त भूमि पर किन शर्तों के तहत कर या सेस लगा सकते हैं। उनके मुताबिक, यही मूल सवाल है और भाजपा इससे बच नहीं सकती।

JMBL Cess से हजारों करोड़ के राजस्व का अनुमान

भाजपा के यह कहने पर कि राज्यों का राजस्व कम नहीं होगा, पांडेय ने झारखंड के आंकड़ों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि JMBL Cess से वर्ष 2024-25 में करीब ₹1,379 करोड़, वर्ष 2025-26 में करीब ₹7,488 करोड़ और वर्ष 2026-27 में करीब ₹13,215 करोड़ के राजस्व का अनुमान है। उन्होंने भाजपा से पूछा कि अगर इस राजस्व स्रोत को सीमित किया जाता है, तो होने वाली कमी की भरपाई कौन करेगा।

पांडेय ने कहा कि रॉयल्टी, नीलामी प्रीमियम, DMF और GST का नाम लेकर भाजपा JMBL Cess के सवाल से बच नहीं सकती। उनके मुताबिक, अलग-अलग राजस्व स्रोतों को एक-दूसरे का विकल्प बताना वित्तीय वास्तविकता से नजरें फेरने जैसा है। उन्होंने कहा कि खनिज झारखंड की धरती से निकलता है और उसके प्रभाव का बोझ भी राज्य उठाता है। ऐसे में निर्णय लेने का अधिकार झारखंड की जनता और उसकी निर्वाचित सरकार के पास रहना चाहिए।

खनन के असर का भी उठाया मुद्दा

झामुमो महासचिव ने कहा कि खनन की वजह से विस्थापन होता है। जंगल और पर्यावरण पर दबाव बढ़ता है, पानी और हवा प्रभावित होते हैं और स्थानीय बुनियादी ढांचे पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। इसके साथ ही आदिवासी और स्थानीय समुदायों को सामाजिक-सांस्कृतिक कीमत भी चुकानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि JMBL Cess इन्हीं व्यापक जिम्मेदारियों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। भाजपा की ओर से इसे ‘लूट’ कहे जाने पर पांडेय ने सवाल किया कि खनन प्रभावित लोगों के पुनर्वास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, ग्रामीण विकास और स्थानीय आधारभूत संरचना के लिए राज्य को अतिरिक्त संसाधन जुटाने का अधिकार क्यों नहीं होना चाहिए।

मंईयां सम्मान योजना पर भी भाजपा को घेरा

मंईयां सम्मान योजना को लेकर भाजपा के आरोपों पर विनोद पांडेय ने कहा कि सवाल यह है कि झारखंड की महिलाओं को आर्थिक सम्मान देने वाली इस योजना से भाजपा को इतनी परेशानी क्यों है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पास पर्याप्त संसाधन होंगे तो महिलाओं, किसानों, गरीबों, युवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को मजबूत किया जा सकेगा। उनके अनुसार, JMBL Cess से मिलने वाला अतिरिक्त राजस्व राज्य की वित्तीय क्षमता को मजबूत करता है। उन्होंने भाजपा से पूछा कि अगर राज्य की आय का एक महत्वपूर्ण स्रोत सीमित होता है, तो उसकी भरपाई किस स्रोत से की जाएगी।

खनिज संपदा पर अंतिम नियंत्रण किसका?’

विनोद पांडेय ने कहा कि अगर भाजपा को वास्तव में झारखंड की चिंता है, तो उसे बताना चाहिए कि झारखंड की खनिज संपदा पर अंतिम नियंत्रण किसका होना चाहिए—झारखंड की जनता का या दिल्ली का। आदित्य साहू की ओर से संविधान पढ़ने की सलाह दिए जाने पर पांडेय ने कहा कि उन्हें संविधान के केवल संघीय ढांचे वाले हिस्से को नहीं, बल्कि सातवीं अनुसूची और राज्यों की विधायी शक्तियों का पूरा संदर्भ भी पढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि संघीय गणराज्य का मतलब यह नहीं है कि केंद्र जब चाहे राज्यों के अधिकारों पर शर्तें लगा दे। उन्होंने भाजपा के इस तर्क पर भी प्रतिक्रिया दी कि केंद्र से टकराव राज्यहित में नहीं है। पांडेय ने कहा कि झारखंड अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाता है, तो यह टकराव नहीं बल्कि संवैधानिक संघवाद की रक्षा है।

खनन नीलामी के मुद्दे पर भी BJP से सवाल

पांडेय ने आरोप लगाया कि भाजपा खनन नीलामी के आंकड़ों की आड़ में मूल सवाल से बच रही है। उन्होंने कहा कि अगर झारखंड में खनिज ब्लॉकों की नीलामी को लेकर भाजपा सवाल उठा रही है, तो उसे यह भी बताना चाहिए कि केंद्र की नीतियों, पर्यावरणीय मंजूरियों, खनिज प्रशासन और पूरे नीलामी तंत्र में केंद्र की भूमिका क्या है। उनके मुताबिक, सिर्फ आंकड़े गिनाकर झारखंड की खनिज नीति को कटघरे में खड़ा करना आसान है, लेकिन खनिज क्षेत्र की पूरी प्रशासनिक व्यवस्था की जिम्मेदारी से भाजपा बच नहीं सकती। खनिज लूट के आरोपों पर पांडेय ने कहा कि भाजपा के पास अगर किसी मामले में प्रमाण हैं, तो वह उन्हें जांच एजेंसियों और कानून के सामने रखे। उन्होंने कहा कि प्रेस बयान जारी करके आरोप लगाना राजनीति हो सकती है, प्रमाण नहीं।

छात्रों के मुद्दे को JMBL Cess से जोड़ने पर भी निशाना

विनोद पांडेय ने छात्रों के सवालों को JMBL Cess से जोड़ने को भाजपा की मुद्दा भटकाने की राजनीति बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याएं अपनी जगह महत्वपूर्ण हैं और राज्य सरकार उनसे जुड़े विषयों पर गंभीरता से काम कर रही है। लेकिन छात्रों के सवालों की आड़ में झारखंड के खनिज अधिकारों को लेकर केंद्र के प्रस्तावित कानून से पैदा होने वाली चिंता को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि आज मूल सवाल यह है कि झारखंड अपने प्राकृतिक संसाधनों से मिलने वाले राजस्व पर कितना अधिकार रखेगा। भाजपा को इसी सवाल का जवाब देना चाहिए।

 ‘झामुमो अपने अधिकारों पर समझौता नहीं करेगा’

पांडेय ने कहा कि झामुमो आंदोलन से नहीं डरता, क्योंकि पार्टी की राजनीति ही जल-जंगल-जमीन और झारखंड के अधिकारों से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा सिर्फ कॉरपोरेट बैलेंस शीट का आंकड़ा नहीं है। यह आदिवासियों, मूलवासियों, मजदूरों और उन लाखों परिवारों की जमीन से जुड़ी है, जिन्होंने पीढ़ियों से इस धरती की कीमत चुकाई है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार ऐसा कानून लाती है, जिससे राज्यों के संवैधानिक अधिकार सीमित होते हैं, तो झारखंड सवाल करेगा। अगर राज्य के राजस्व पर असर पड़ने की आशंका है, तब भी झारखंड सवाल करेगा। वहीं, अगर खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए राज्य की वित्तीय क्षमता कमजोर होती है, तो भी झारखंड सवाल उठाएगा। पांडेय ने कहा कि भाजपा इसे राजनीति कहे या कुछ और, झारखंड अपने अधिकारों से समझौता नहीं करेगा।

आदित्य साहू को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन को संविधान पढ़ने की सलाह देने से पहले भाजपा को यह जवाब देना चाहिए कि जब सुप्रीम कोर्ट राज्यों के अधिकार को मान्यता दे चुका है, तब केंद्र सरकार उसी अधिकार पर नियंत्रण की नई शर्तें क्यों लगा रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड को उपदेश नहीं, अपने अधिकारों की गारंटी चाहिए। झारखंड की खनिज संपदा झारखंड की है और उसका न्यायपूर्ण लाभ राज्य के लोगों को मिलना चाहिए। पांडेय ने कहा कि इस अधिकार की लड़ाई झामुमो पूरी मजबूती के साथ लड़ेगा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।