

रांची ; रांची में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों ने तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होकर लालपुर चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंची। बड़ी संख्या में छात्र तिरंगा लेकर इसमें शामिल हुए और भारत माता की जय, जय हिंद व वंदे मातरम के नारे लगाए।




अल्बर्ट एक्का चौक पर छात्रों की काफी भीड़ जुटी। लोगों ने आंदोलनकारी छात्रों पर पुष्प वर्षा कर उनका समर्थन किया। व्हीलचेयर पर पहुंचे छात्रों का भी सम्मान किया गया। आंदोलनकारियों के अनुसार, कुछ छात्र 4 अगस्त से भूख हड़ताल पर हैं।
छात्रों ने JSSC और JPSC से जुड़ी विवादित परीक्षाओं को रद्द करने और मामले की CBI जांच की मांग दोहराई। उन्होंने देवेंद्र नाथ महतो के साथ कथित धक्कामुक्की पर भी नाराजगी जताई।
छात्र नेता पीयूष ने बताया कि छात्र मुख्यमंत्री से वार्ता का इंतजार कर रहे हैं। यात्रा बाद में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में समाप्त हुई। आंदोलनकारियों ने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

