

विधायक सरयू राय के निर्देश पर जनसुविधा प्रतिनिधियों-समर्थकों ने की पीड़ितों की सेवा





जमशेदपुर : शहर के कई हिस्सों में पानी घुसने और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की स्थिति में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के समर्थकों और जनसुविधा प्रतिनिधियों ने जरूरतमंद लोगों की भरपूर मदद की। जनसुविधा प्रतिनिधि (जेएनएसी) धर्मेंद्र प्रसाद मंगलवार की देर रात तक शास्त्री नगर के ब्लॉक नंबर एक, दो, तीन और पांच नंबर में भ्रमण करते रहे। इन इलाकों में घरों में पानी घुस गया है। उन्होंने कुछ लोगों को घरों से निकालने के लिए एनडीआरएफ की टीम को फोन कर बुलाया और सफलतापूर्वक रेस्क्यू करवाया। उनके साथ के लोगों ने प्रभावित लोगों को घरों से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया।
उधर, मानगो मंडल के जनसुविधा प्रतिनिधि पिंटू सिंह ने शंकोसाई, श्याम नगर, गौड़ बस्ती, शांतिनगर और साईं आश्रम का दौरा किया। इन इलाकों के घरों में भी पानी भरा हुआ है। उनके साथ मौजूद वार्ड नंबर 10 के पार्षद जीतेंद्र साव ने भी लोगों की मदद की। लोगों को पानी से बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। 100 पैकेट खिचड़ी और 350 पैकेट पूड़ी-सब्जी इन लोगों ने जरूरतमंदों के बीच में बांटी। जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने देर रात सोनारी का दौरा किया। वहां रुपनगर के घरों में पानी घुसने की आशंका है। नदी का जलस्तर बढ़ गया है। श्री मिश्रा ने रुपनगर के दो सामुदायिक भवनों में लोगों के ठहरने की व्यवस्था कर दी है। लोगों से उन्होंने कह दिया है कि अगर पानी घरों में घुसे तो तत्काल सामुदायिक भवन में चले जाएं। वहां ठहरने का इंतजाम किया गया है।
जनसुविधा प्रतिनिधि (मानगो नगर निगम) पप्पू सिंह ने विधायक सरयू राय के साथ कुंअर बस्ती, शंकोसाई एक नंबर, रामनगर आदि क्षेत्र का भ्रमण किया। कदमा के रामनगर, हाड़गोदाम, रामजन्म नगर, शास्त्री नगर, चार नंबर, तीन नंबर, दो नंबर, एक नंबर ब्लॉक से आज दोपहर से लेकर देर रात तक हजारों लोगों को विभिन्न सामुदायिक भवनों में ठहराया गया। दोपहर और रात में इनके भोजन की व्यवस्था की गई। खबर लिखे जाने तक लोगों को रेस्क्यू किया जा रहा था। इस कार्य में जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जनसुविधा प्रतिनिधि (हेल्थ) नीरज सिंह, मनोज सिंह, तारक मुखर्जी, रवि शंकर सिंह, विवेक कुमार, लालू रजक आदि की सराहनीय भूमिका रही।
