Deoghar News: जमीन विवाद में शंभू यादव की मौत के बाद बवाल, पत्नी ने पकड़ा थाना प्रभारी का कॉलर

News Aroma Desk
3 Min Read
Deoghar News: जमीन विवाद में शंभू यादव की मौत के बाद बवाल, पत्नी ने पकड़ा थाना प्रभारी का कॉलर
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Deoghar News: जिले के सारवां थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए हमले में घायल शंभू यादव की मौत के बाद गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सारवां-सारठ मुख्य मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान मृतक की पत्नी ने थाना प्रभारी का कॉलर पकड़ लिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, कुछ लोगों और पुलिसकर्मियों के बीच हाथापाई की भी खबर है।

जमीन विवाद में शंभू यादव पर हुआ था जानलेवा हमला

जानकारी के अनुसार, सिरसिया गांव में पिछले कुछ दिनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान राजेश यादव और सुखदेव यादव पर शंभू यादव के साथ जानलेवा हमला करने का आरोप है। हमले में शंभू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए एम्स रेफर कर दिया गया।

दो दिन बाद इलाज के दौरान हुई मौत

करीब दो दिनों तक इलाज चलने के बाद गुरुवार सुबह शंभू यादव ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया।

पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। लोगों ने मांग की कि थाना स्तर के अधिकारियों के बजाय डीएसपी या एसपी मौके पर पहुंचकर गिरफ्तारी का आश्वासन दें। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पुलिस से मिलीभगत कर गवाहों को धमका रहे हैं।

जांच में जुटी पुलिस

मामले पर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि शुरुआत में पुलिस को दुर्घटना में मौत की सूचना मिली थी, लेकिन बाद में जमीन विवाद के कारण हत्या का मामला सामने आया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास कर रही है।

 

Share This Article