धनबाद में पुलिस-गैंगस्टर मुठभेड़! प्रिंस खान के 2 कथित गुर्गों को लगी गोली, तीसरा अंधेरे में फरार

धनबाद में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, प्रिंस खान-गोपी खान के दो कथित गुर्गों को पैर में गोली लगी; तीसरा अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुआ।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद : जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रिंस खान और गोपी खान के दो कथित गुर्गे गोली लगने से घायल हो गए। घायल अपराधियों की पहचान वासेपुर नूरी मस्जिद रोड निवासी 35 वर्षीय इरफान आलम उर्फ टुन्ना और पुटकी निवासी 36 वर्षीय नन्हे उर्फ नाजिर अंसारी के रूप में हुई है। दोनों के पैर में गोली लगी है और उनका इलाज एसएनएमएमसीएच में चल रहा है। वहीं, मुठभेड़ के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर तीसरा अपराधी मौके से फरार हो गया। मंगलवार को धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार और सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव एसएनएमएमसीएच पहुंचे और घायल दोनों अपराधियों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। डॉक्टरों से इलाज के संबंध में जानकारी लेने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

पुलिस के अनुसार, जमीन कारोबारी से पांच लाख रुपये की लेवी वसूलने के लिए एक बाइक पर सवार होकर तीन अपराधी निरंकारी चौक पहुंचे थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान बरवाअड्डा थाना के गश्ती वाहन को भी निशाना बनाया गया। अपराधियों की गोली गश्ती वाहन के शीशे में लगी, हालांकि वाहन चालक बाल-बाल बच गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इरफान आलम और नन्हे उर्फ नाजिर अंसारी घायल हो गए।मुठभेड़ के बाद रांची से एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, एक पिस्टल, चार कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि बरामद मोबाइल फोन की जांच में गोपी खान से बातचीत के साक्ष्य मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक, इरफान आलम का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वह जेल से जमानत पर बाहर आया था। वहीं, नन्हे उर्फ नाजिर अंसारी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। फरार तीसरे अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घायल दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है। एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि संगठित अपराध को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधी जिस भाषा में समझेगा, पुलिस उसी भाषा में समझाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और फरार अपराधी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।