

रांची: बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और उत्तरी ओडिशा तट के पास बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर अब कई राज्यों के मौसम पर दिख रहा है। झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में मौसम सक्रिय है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल और झारखंड के आसपास साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास भी ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके असर से कई राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी चल सकती है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।





झारखंड में 19 और 20 अगस्त को मौसम रहेगा सक्रिय
झारखंड में 19 और 20 अगस्त को मौसम के सक्रिय रहने का अनुमान है। रांची के अलावा बोकारो, देवघर, दुमका, धनबाद, जमशेदपुर, सिमडेगा, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, चतरा और पलामू में भारी बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के दौरान वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा। ऐसे में खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
इन राज्यों में भी बारिश और आंधी का असर
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, उत्तराखंड, सिक्किम, मेघालय, त्रिपुरा, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना में भी तेज बारिश और आंधी की संभावना है। भारी बारिश के चलते कई जगहों पर सड़क, रेल और स्थानीय यातायात प्रभावित हो सकता है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में लगातार तेज बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।
पश्चिम बंगाल के कई जिलों में अलर्ट
पश्चिम बंगाल में कोलकाता, हावड़ा, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, मालदा, अलीपुरद्वार, दुर्गापुर, दार्जिलिंग, बर्धमान, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा और कूचबिहार में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने और तेज बारिश व वज्रपात के दौरान जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।
