CCL में सतर्कता जागरूकता अभियान शुरू, पांच क्षेत्रों में पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर

CCL में सतर्कता जागरूकता अभियान 2026 शुरू हुआ। पारदर्शिता, जवाबदेही और सत्यनिष्ठा बढ़ाने के लिए लंबित शिकायतों, क्षमता निर्माण, डिजिटल पहल और अनुबंध प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) मुख्यालय दरभंगा हाउस में सतर्कता जागरूकता अभियान 2026 की शुरुआत हो गई है। 17 अगस्त से 16 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य कंपनी की कार्यसंस्कृति में पारदर्शिता, जवाबदेही और सत्यनिष्ठा को और मजबूत करना है।

रांची से विक्की की रिपोर्ट

अभियान के तहत बुधवार को CCL मुख्यालय में बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा के साथ हुई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने ईमानदारी, जनहित में कार्य करने और नियम-कानून का पालन करने की शपथ ली।

बैठक में CCL के CMD निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) सीएस तिवारी और मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार समेत वरिष्ठ अधिकारी, महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष और कर्मचारी मौजूद रहे।

सतर्कता हर कर्मचारी की सामूहिक जिम्मेदारी : CMD

CCL के CMD निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी संस्थान के लिए प्रभावी और स्पष्ट जनसंचार बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि संस्थान से जुड़े संदेश और कार्यों को सरल एवं स्पष्ट तरीके से लोगों तक पहुंचाया जाना चाहिए।

उन्होंने पिछले वर्ष आयोजित सतर्कता जागरूकता अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि CCL की ओर से कई महत्वपूर्ण गतिविधियां आयोजित की गई थीं। इस दौरान 900 से अधिक यूनिट रक्तदान को उन्होंने समाज के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया।

CMD ने कहा कि सतर्कता सिर्फ किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। संगठन के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यसंस्कृति में पारदर्शिता और जवाबदेही को शामिल कर संस्थान को और मजबूत बनाया जा सकता है।

पांच प्रमुख क्षेत्रों पर रहेगा फोकस

मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने अभियान के उद्देश्यों और आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अभियान को पांच प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित किया गया है।

इनमें लंबित शिकायतों का निपटारा, लंबित मामलों का निपटारा, क्षमता निर्माण कार्यक्रम, डिजिटल पहल और अनुबंध प्रबंधन शामिल हैं।

बैठक में इन क्षेत्रों को लेकर कार्ययोजना तैयार करने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने और कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाने पर चर्चा हुई। अधिकारियों और कर्मचारियों से सतर्कता एवं सत्यनिष्ठा को अपने दैनिक कार्य व्यवहार का हिस्सा बनाने की अपील की गई।

ईएमबी प्रक्रिया को लेकर SOP लॉन्च

कार्यक्रम के दौरान असैनिक विभाग के ईएमबी (इंजीनियर मेजरमेंट बुक) से संबंधित SOP भी लॉन्च किया गया। इसके जरिए ईएमबी प्रक्रिया में जवाबदेही और पारदर्शिता को बढ़ाने पर जोर दिया गया।

अधिकारियों और कर्मचारियों ने संगठन में ईमानदार, पारदर्शी और जवाबदेह कार्यसंस्कृति को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।