कन्नूर में ओणम के फूलों की बिक्री से छात्रा के गुर्दा प्रतिरोपण के लिए जुटाई जा रही धनराशि

कन्नूर के चाला में ओणम की फूल बिक्री बनी नेक पहल, युवाओं और स्थानीय लोगों ने 11वीं की छात्रा श्रीदेवीना के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए जुटाया धन

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कन्नूर (केरलम): केरलम के कन्नूर में चाला के युवाओं और स्थानीय लोगों ने ओणम के दौरान फूलों की बिक्री को 11वीं कक्षा की एक छात्रा के गुर्दा प्रतिरोपण के लिए धन जुटाने के अभियान में बदल दिया है। चाला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 11वीं कक्षा की छात्रा श्रीदेवीना गुर्दे की गंभीर बीमारी से पीड़ित है और उसे सप्ताह में तीन बार डायलिसिस कराना पड़ता है। उसके इलाज से परिवार पर भारी आर्थिक बोझ पड़ा है तथा गुर्दा प्रतिरोपण एवं उसके बाद की देखभाल के लिए करीब 30 लाख रुपये की जरूरत है। स्थानीय युवाओं के एक समूह ‘चाला चांग्स’ ने धन जुटाने के लिए स्थानीय लोगों और व्यापारियों के साथ मिलकर अभियान शुरू किया है। ओणम के दौरान फूलों की बिक्री इस अभियान का एक प्रमुख हिस्सा है।

चाला में अलग-अलग स्थानों पर लगाई गई दुकानों पर बिक्री के लिए कर्नाटक और अन्य स्थानों से करीब ढाई लाख रुपये के फूल मंगाए गए हैं। समूह के सदस्य बशीर ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हम पहले नियमित कारोबार करते थे लेकिन इस बार हमने इस बच्ची की खातिर मुनाफे के बारे में नहीं सोचा है।’’ उन्होंने कहा कि केवल मुनाफा नहीं बल्कि फूलों की बिक्री से मिलने वाली पूरी राशि श्रीदेवीना के इलाज पर खर्च की जाएगी। गुर्दा प्रतिरोपण के लिए धन जुटाने के मकसद से एक स्थानीय समिति गठित किए जाने के बाद यह पहल शुरू की गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ लोग गुर्दा दान करने की इच्छा भी जता चुके हैं।

एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा, ‘‘यहां जाति, धर्म या राजनीति की कोई बात नहीं है। सभी लोग इस बच्ची की जान बचाने के एक ही उद्देश्य से साथ आए हैं।’’ समूह के सदस्यों के अनुसार, चाला और कन्नूर के अन्य हिस्सों में फूलों की और दुकानें लगाई जा रही हैं तथा युवा एवं स्थानीय लोग बारी-बारी से इन्हें संभाल रहे हैं। समूह के एक सदस्य ने कहा, ‘‘हम छात्रा के इलाज के लिए धन जुटाने के मकसद से पायसम (खीर) भी बेच रहे हैं। पूरी कोशिश की जा रही है कि उसे उचित इलाज मिले और वह अगले साल हमारे साथ खुशी-खुशी ओणम मना सके।’’स्थानीय लोगों ने चाला से होकर गुजरने वाले लोगों और अन्य लोगों से फूल खरीदकर तथा इलाज के लिए बनाए गए कोष में योगदान देकर इस अभियान का समर्थन करने की अपील की है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।