संघर्ष और जिम्मेदारी की मिसाल हैं अनिल कुमार मोहांत, 70 साल की उम्र में सड़कों पर बांसुरी बेचकर करा रहे पत्नी का इलाज

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोलकाता : कोलकाता की सड़कों पर बांसुरी बेचने वाले 70 वर्षीय अनिल कुमार मोहांत की कहानी संघर्ष और जिम्मेदारी की मिसाल है। पूर्व बर्धमान के एक दूरदराज गांव से वह रोज़ करीब दो घंटे का सफर तय कर कोलकाता आते हैं। उनकी पत्नी को दो बार स्ट्रोक आ चुका है और वह ठीक से बोल भी नहीं पातीं। उनके इलाज और दवाइयों पर हर महीने करीब 10 से 15 हजार रुपये खर्च होते हैं। अनिल खुद भी डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर से जूझ रहे हैं, लेकिन पत्नी के इलाज के लिए काम करना नहीं छोड़ते।

वह दमदम टिकट काउंटर के आसपास बांसुरी बेचते हैं। कई बार रात कॉलेज स्ट्रीट के फुटपाथ पर ही गुजारनी पड़ती है। उन्हें दो बार मलेरिया भी हो चुका है, फिर भी अगली सुबह बांसुरियों का गठ्ठर लेकर निकल पड़ते हैं। अनिल ने सिर्फ तीसरी कक्षा तक पढ़ाई की है। 15 साल की उम्र में कोलकाता आए और यहीं बांसुरी बनाना-बजाना सीखा। एक समय वह रोज़ करीब 200 बांसुरियां तक बेच लेते थे और इसी कमाई से अपने बच्चों का पालन-पोषण किया।

आज उम्र और कमजोर शरीर ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं, लेकिन पत्नी के लिए उनका संघर्ष अब भी जारी है। कोलकाता की सड़कों पर सुनाई देती उनकी बांसुरी की आवाज़ सिर्फ संगीत नहीं, बल्कि हिम्मत, जिम्मेदारी और जीवनसाथी के प्रति समर्पण की कहानी भी है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।