

हजारीबाग: कटकमसांडी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के दौरान एक पिता पर अपने छह महीने के मासूम बेटे को जमीन पर पटकने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल बच्चे की इलाज के लिए रांची ले जाने के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।





मृत बच्चे की पहचान अंश कुमार के रूप में हुई है। उसकी मां निराली कुमारी ने अपने पति आकाश कुमार के खिलाफ थाने में आवेदन देकर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है।
विवाद के बाद बच्चे को घर से बाहर ले गया पिता
मां के आवेदन के मुताबिक, घर में सास के साथ विवाद चल रहा था। इसी दौरान आकाश कुमार वहां पहुंचा और कमरे में सो रहे छह महीने के बच्चे को उठाकर घर के पीछे कुएं के पास ले गया।
आरोप है कि वहां उसने बच्चे को पक्के ढलाई वाले फर्श पर पटक दिया। घटना के बाद बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
रांची ले जाने के दौरान हुई मौत
घायल बच्चे को उसकी मां आनन-फानन में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग लेकर पहुंची। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया।
हालांकि, रांची पहुंचने से पहले ही रास्ते में बच्चे की मौत हो गई। घटना की खबर के बाद परिवार में मातम पसर गया।
आरोपी पिता गिरफ्तार
कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पिता आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे घरेलू विवाद समेत अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
