

रांची: डुमरी विधायक जयराम महतो के खिलाफ अब रांची पुलिस एसोसिएशन ने भी मोर्चा खोल दिया है। एसोसिएशन ने उनके खिलाफ चल रहे विरोध का समर्थन करते हुए पांच दिनों का अल्टीमेटम दिया है।





रांची पुलिस एसोसिएशन का कहना है कि अगर पांच दिनों के अंदर जयराम महतो की ओर से मामले में उचित जवाब या कार्रवाई नहीं होती है, तो इसके बाद आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
एसोसिएशन के मुताबिक, झारखंड पुलिस एसोसिएशन के निर्देश पर पांच दिन का अल्टीमेटम खत्म होने के बाद राज्यभर में आंदोलन किया जा सकता है।
इस दौरान रांची पुलिस एसोसिएशन ने जयराम महतो पर सवाल भी उठाया। एसोसिएशन ने कहा कि अगर कोई पुलिस अधिकारी किसी के साथ गाली-गलौज करता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई होती है और उसे सजा मिलती है। ऐसे में सवाल है कि अगर विधायक की ओर से पुलिस को लेकर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया है, तो उनके खिलाफ क्या कार्रवाई होगी?
पुलिस एसोसिएशन ने साफ किया है कि वह इस मामले को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं है और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को राज्य स्तर तक ले जाया जाएगा।
