

कुशीनगर: नेपाल की त्रिशूली नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने गंडक नदी के किनारे स्थित संवेदनशील क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।





अधिकारियों के अनुसार, प्रशासन ने नदी के जलस्तर और प्रवाह की निगरानी तेज कर दी है। साथ ही, संवेदनशील गांवों के लोगों को सतर्क रहने और नदी के किनारे नहीं जाने की सलाह दी गई है।
किसी भी संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राजस्व विभाग, पुलिस और आपदा राहत एजेंसियों की टीमें तैयार रखी गई हैं।
नेपाल में हाल में आई बाढ़ के बाद गंडक नदी पर दबाव बढ़ गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें खड्डा तथा सेवरही क्षेत्रों में नदी किनारे बसे गांवों का दौरा कर स्थिति का आकलन कर रही हैं।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार को त्रिशूली नदी का जलस्तर बढ़ने की सूचना मिलने के बाद जिले में हाई अलर्ट जारी किया गया।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने लोगों से सतर्क रहने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि गंडक नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि की आशंका को देखते हुए निगरानी और बचाव संबंधी व्यवस्थाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
