गढ़वा में डायन बताकर महिला के साथ हैवानियत, खौलता पानी डालने का आरोप

गढ़वा के भोजपुर गांव में महिला को डायन बताकर प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। विवाद के दौरान गर्म पानी डालने से महिला घायल हुई, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गढ़वा  : गढ़वा जिले के श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में अंधविश्वास से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को कथित तौर पर डायन बताकर उसके साथ मारपीट की गई और शरीर पर गर्म पानी डाल दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया।

पीड़िता की पहचान दिलवसीया देवी, पति विशुनदेव उरांव के रूप में हुई है। महिला ने पुलिस को बताया कि गांव के ही उसके गोतिया लोग लंबे समय से उसे डायन कहकर परेशान कर रहे थे।

विवाद के बाद महिला पर डाला गर्म पानी

पीड़िता के मुताबिक, शनिवार शाम गांव के ही बिहारी उरांव, उनकी पत्नी शारदा देवी, बसंत उरांव, लालमोहन उरांव और उनकी पत्नी के साथ उसका विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान उसके ऊपर खौलता हुआ गर्म पानी डाल दिया गया।

गर्म पानी शरीर पर पड़ने के बाद महिला दर्द से तड़पने लगी। इसके बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर सड़क की ओर पहुंची। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती

घटना की सूचना मिलने के बाद श्रीबंशीधर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया।

पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि उसके गोतिया लोग उसे डायन बताकर पहले से ही परेशान करते रहे हैं। महिला के आरोपों के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

दोषियों पर होगी कार्रवाई: थाना प्रभारी

श्रीबंशीधर नगर थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार ने बताया कि मामला बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।