रांची : युवा कांग्रेस ने शहरों में नगर निगम की बुनियादी सुविधाओं और जनसमस्याओं पर नजर रखने के लिए ‘बेटर सिटीज कैंपेन’ की शुरुआत की है, जिसके तहत ‘मेरा शहर, मेरा हक’ अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के जरिए संगठन के कार्यकर्ता विभिन्न इलाकों में जाकर सफाई, सड़क, नाली और पेयजल जैसी जमीनी व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। कमियां पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों से जवाब मांगेंगे। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव सिंह ने रांची में प्रेस वार्ता के दौरान इस अभियान की औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि नगर निगमों की वर्तमान कार्यप्रणाली बेहद निराशाजनक है और जनता को घोषणाओं के बजाय जमीन पर ठोस काम और जवाबदेही चाहिए।

अभियान के तहत शहर को स्वच्छ रखने वाले सफाई कर्मचारियों के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा और उनके स्वास्थ्य व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लाइफ इंश्योरेंस की मांग की जाएगी। गौरव सिंह ने रांची नगर निगम और स्थानीय भाजपा नेतृत्व पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि नगर निगम में भाजपा का महापौर और बहुमत में पार्षद होने के बावजूद शहर का अपेक्षित विकास नहीं हो पा रहा है। उन्होंने रांची विधायक सीपी सिंह पर भी तंज कसते हुए आरोप लगाया कि वे केवल शहर में घूमते हैं लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हुआ है। युवा कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वे जनता की आवाज को लगातार मजबूती से उठाएंगे और यदि नगर निगम की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में इसके खिलाफ उग्र आंदोलन भी किया जाएगा।


