गुजरात में प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए ‘रिफॉर्म उत्सव’

गुजरात सरकार दो अक्टूबर से 25 दिसंबर तक रिफॉर्म उत्सव आयोजित करेगी, जिसमें नागरिकों के सुझावों को प्रशासनिक सुधारों में बदलकर समयबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

अहमदाबाद: गुजरात सरकार दो अक्टूबर से 25 दिसंबर तक ‘रिफॉर्म उत्सव’ आयोजित करेगी, जिसका उद्देश्य शिकायत निवारण से आगे बढ़ते हुए नागरिकों के सुझावों को प्रशासनिक सुधारों में बदलना है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यह अभियान दो अक्टूबर यानी गांधी जयंती से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर तक पूरे राज्य में आयोजित किया जाएगा।

इस पहल के तहत नागरिकों से प्राप्त सुझावों की पहचान करने, उन्हें वर्गीकृत करने और प्रशासनिक प्रणाली में व्यापक प्रभाव पैदा करने के लिए उन्हें समयबद्ध तरीके से लागू करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हाल में गुजरात प्रशासनिक सुधार आयोग का गठन किया था।

सरकार ने कहा कि इस दृष्टिकोण के अनुरूप, यह अभियान केवल शिकायतों के निवारण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नागरिकों के सुझावों को व्यवस्थित रूप से प्रभावी सुधारों में बदलने और उन्हें लागू करने पर ध्यान केंद्रित करेगा।

सरकार ने कहा, “इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नागरिकों की आवाज ठोस कार्रवाई, सुधारों और परिणामों में तब्दील हो, जिसका सीधा लाभ लोगों को मिले।”

विज्ञप्ति के अनुसार, ‘रिफॉर्म उत्सव’ के प्रभावी नियोजन, कार्यान्वयन और निगरानी के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है।

इसमें बताया गया है कि इस पहल को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक जिले में भी कई समितियां बनाई गई हैं। जिला स्तरीय समिति की अध्यक्षता जिलाधिकारी करेंगे।

‘रिफॉर्म उत्सव’ पोर्टल के माध्यम से प्राप्त सुझावों और उनके क्रियान्वयन पर लगातार नजर रखने के लिए एक प्रणाली भी शुरू की गई है। पोर्टल पर प्राप्त सुझावों की संख्या, क्रियान्वयन के लिए स्वीकार किए गए सुझावों और उनकी मौजूदा स्थिति की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।

अभियान का मुख्य चरण दो अक्टूबर को प्रत्येक पंचायत में ‘जन मंथन सभा’ के आयोजन के साथ शुरू होगा।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।