नयी दिल्ली: 20 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ द्वारका श्री रामलीला में दशहरा समारोह में हिस्सा लिया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इंद्रप्रस्थ रामलीला मैदान में विजयादशमी समारोह में भाग लिया।

उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने लालकिले के पास रामलीला मैदान में आयोजित लव कुश रामलीला के समारोह में हिस्सा लिया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने द्वारका में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा के साथ समारोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने रावण का पुतला दहन किया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि दशहरा दिल्ली के लिए खुशी का दिन है और यह दिन केवल भगवान राम की रावण पर जीत का नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई की जीत का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा, “समाज में आज भी रावण अंधकार, अहंकार, आक्रोश, महिलाओं के खिलाफ हिंसा और भ्रष्टाचार के रूप में मौजूद है।”
राष्ट्रपति मुर्मू ने रावण का पुतला दहन करने से पहले भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता की पारंपरिक आरती की। इसके बाद उन्होंने तीर चलाकर रावण के पुतले को आग लगाई।
राष्ट्रपति ने दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए लोगों से भगवान राम के गुणों को अपनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि भगवान राम की कथा लोगों को प्रकृति का सम्मान करने, पर्यावरण की रक्षा करने और सभी का ख्याल रखने की प्रेरणा देती है।
द्वारका श्री रामलीला में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के 90 फुट ऊंचे पुतले लगाए गए थे। कार्यक्रम की आयोजन समिति के सदस्य और मीडिया प्रमुख भरत भूषण मालवीय ने यह जानकारी दी।
इस साल आयोजकों ने पारंपरिक उत्सव के साथ डिजिटल सुविधाओं और पर्यावरण का ध्यान रखने वाले उपायों को भी शामिल किया। मालवीय ने बताया कि कार्यक्रम का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारण किया गया। इसके अलावा, एक ऐप और डिजिटल टिकट की सुविधा भी शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि आयोजकों ने समारोह के दौरान ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल करने की भी योजना बनाई थी।


