धनबाद में ढाई करोड़ के टेंडर पर बवाल, भवन प्रमंडल ऑफिस में भिड़े संवेदक, दो हिरासत में

धनबाद भवन प्रमंडल के ढाई करोड़ रुपये के टेंडर को लेकर विवाद में स्थानीय और बाहरी संवेदक भिड़ गए। मारपीट के बाद पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद : धनबाद के भवन प्रमंडल विभाग में ढाई करोड़ रुपये के टेंडर को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि अलग-अलग पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को हिरासत में लिया। मामला अब थाने तक पहुंच गया है। मिली जानकारी के मुताबिक भवन प्रमंडल की ओर से ऑनलाइन करीब ढाई करोड़ रुपये का टेंडर निकाला गया था। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार को जमशेदपुर से कुछ संवेदक भवन प्रमंडल कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय संवेदकों ने उनके पहुंचने का विरोध किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

स्थानीय संवेदकों ने जताया विरोध

स्थानीय संवेदकों का आरोप है कि धनबाद के लोगों को ही काम नहीं मिल रहा है। ऐसे में बाहरी संवेदकों के टेंडर प्रक्रिया में शामिल होने को लेकर उन्होंने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब स्थानीय लोगों को काम नहीं मिल रहा, तो बाहर के संवेदकों द्वारा टेंडर डालना उचित नहीं है।

भवन प्रमंडल ने जांच के लिए बनाई टीम

मामले को लेकर भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता चंदन कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि भवन प्रमंडल परिसर में विवाद और मारपीट की घटना आखिर क्यों हुई। फिलहाल पुलिस और विभागीय स्तर पर मामले की जांच जारी है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।