इंदौर में पकड़ा गया फर्जी आईएएस अफसर, पांच सितारा होटल में पार्टी का बिल चुकाए बिना चला गया था

इंदौर में खुद को IAS अधिकारी बताकर रौब झाड़ने वाला 28 वर्षीय हिमांशु पांचाल गिरफ्तार हुआ। होटल बिल नहीं चुकाया और किराये के मकान पर फर्जी नेमप्लेट लगाई थी।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

इंदौर (मध्यप्रदेश): इंदौर में खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) का अधिकारी बताकर रौब झाड़ने के आरोप में 28 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्तपिवार को यह जानकारी दी। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) पराग सैनी ने बताया कि आरोपी की पहचान हिमांशु पांचाल (28) के रूप में हुई है और वह गुजरात के अहमदाबाद शहर का रहने वाला है।

उन्होंने बताया कि पांचाल ने हाल ही में शहर के एक पांच सितारा होटल में 16 लोगों को पार्टी दी थी, लेकिन बिल भुगतान के वक्त उसने रौब झाड़ते हुए खुद को आईएएस अफसर बताया और होटल से निकल गया। सैनी के मुताबिक पांचाल ने होटल के कर्मचारियों से कहा कि उसका निजी सहायक (पीए) दो घंटे बाद बिल चुका देगा।

उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस लसूड़िया थाना क्षेत्र में पांचाल के किराये के मकान में पहुंची, तो उसके बाहर एक फर्जी नेमप्लेट लगी मिली जिस पर ‘आईएएस राज सोनी’ और ‘डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर’ लिखा पाया गया। एसीपी ने बताया कि पुलिस की पूछताछ के दौरान पांचाल उसके आईएएस अधिकारी होने के बारे में कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। उन्होंने बताया कि इस व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 204 (सरकारी अधिकारी का रूप धारण करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसीपी ने बताया कि पांचाल के खिलाफ गुजरात में धोखाधड़ी का एक मामला पहले से दर्ज है और उसके खिलाफ विस्तृत जांच की जा रही है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।