

रांची : रातू रोड के बिड़ला मैदान में कान्हा मटका फोड़ प्रतियोगिता समिति के तत्वावधान में भव्य कान्हा मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अध्यक्ष उत्तम यादव और मुख्य संरक्षक मृत्युंजय सिंह के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु और दर्शक पहुंचे। देर रात तक पूरा आयोजन स्थल उत्साह, उमंग और भक्ति के रंग में डूबा रहा। प्रतियोगिता में शिव शक्ति जन कल्याण मांडर, शिव शक्ति क्लब मालती मांडर, श्री राम सेना बिरसा मैदान, श्री राम सेवा समिति मांडर, बजरंग दल मालती मांडर और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योगा समेत कई टीमों ने हिस्सा लिया। मटकी फोड़ने के लिए टीमों ने पूरे जोश के साथ प्रदर्शन किया और अपने हुनर से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।





बजरंग दल मालती मांडर ने जीता पहला पुरस्कार
मटका फोड़ प्रतियोगिता में बजरंग दल मालती मांडर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योगा को दूसरा और शिव शक्ति क्लब मालती मांडर को तीसरा पुरस्कार मिला। वहीं महिला वर्ग में राधा रानी मांडर की टीम ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया। महिला टीम की भागीदारी कार्यक्रम की खास उपलब्धियों में रही और उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
कानपुर की झांकियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के कानपुर से आई स्काई इवेंट ग्रुप की झांकी टीम भी आकर्षण का बड़ा केंद्र रही। राकेश सोनी के नेतृत्व में टीम ने धार्मिक और पौराणिक प्रसंगों पर आधारित कई शानदार झांकियां प्रस्तुत कीं। इनमें श्री गणेश, राधा-कृष्ण, सुदामा, विष्णु अवतार, मां दुर्गा के काली और महिषासुर मर्दिनी स्वरूप, शिव-पार्वती, महाकाल तांडव और नरसिंह अवतार की झांकियां शामिल रहीं। इन प्रस्तुतियों ने आयोजन स्थल पर मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के स्वरूप में शामिल बच्चों की प्रस्तुति भी लोगों के बीच खास आकर्षण रही। झांकियों और मटका फोड़ प्रतियोगिता के दौरान पूरा बिड़ला मैदान भक्तिमय माहौल में नजर आया। श्रद्धालुओं और दर्शकों ने धार्मिक प्रस्तुतियों का जमकर आनंद लिया।
आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागी टीमों, कलाकारों, श्रद्धालुओं, दर्शकों और आयोजन से जुड़े लोगों के प्रति समिति के पदाधिकारियों ने आभार जताया। कार्यक्रम में महामंत्री प्रेम प्रतीक बमबारी, विपुल मिश्रा, दिलीप गुप्ता, निशांत चौहान, रोहित यादव, शुभम, निखिल गुप्ता और प्रकाश सिन्हा समेत समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
