हरियाणा के मुख्यमंत्री ने रेवाड़ी में मैराथन को हरी झंडी दिखाई, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रविवार को रेवाड़ी में युवा मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इस दौरान उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि युवाओं की ऊर्जा, जागरूकता और भागीदारी ‘नशे के खिलाफ इस युद्ध’ की सबसे बड़ी ताकत है। सैनी ने पांच किलोमीटर की दौड़ को हरी झंडी दिखाने के बाद कहा कि नशे की समस्या रातोंरात पैदा नहीं हुई।

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोगों ने इस समस्या के समाधान के लिए वर्षों तक गंभीरता से काम नहीं किया और केवल भाषण दिए। हमारी सरकार ने इस मुद्दे को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा है, बल्कि हरियाणा के युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए अपना रुख तय किया है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई, जागरूकता, उपचार एवं पुनर्वास- इन चारों स्तंभों पर आधारित मजबूत व्यवस्था स्थापित की है।

सैनी ने बताया कि मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष कार्यबल का गठन किया गया है और राज्य में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की भी स्थापना की गई है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने राज्य में 160 नशा मुक्ति केंद्र खोले हैं। इसके अलावा, गांव और वार्ड स्तर से लेकर राज्य स्तर तक दल गठित किए गए हैं जो नशा मुक्ति और पुनर्वास का काम संभाल रहे हैं।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि मैराथन में हजारों युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी से यह स्पष्ट होता है कि रेवाड़ी ने नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।