


रांची : राज्य के नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के सामयिक और दुखद निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को गिरिडीह के मर्सी हॉस्पिटल से अंतिम दर्शन के लिए झामुमो जिला कार्यालय ले जाया गया। यहां पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात, उनके पार्थिव शरीर को उनके निजी आवास ‘उत्सव उपवन’ ले जाया गया। यहां सगे-संबंधी और क्षेत्र के लोगों ने उनका अंतिम दर्शन किया।
इस अत्यंत दुखद घड़ी में, झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने के लिए विशेष रूप से गिरिडीह पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को एक अपूरणीय और व्यक्तिगत क्षति बताया है। सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन की खबर से पूरे गिरिडीह जिला सहित राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। भारी संख्या में उनके समर्थक, पार्टी पदाधिकारी और आम नागरिक मर्सी हॉस्पिटल एवं उनके आवास पर एकत्रित हो रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से अंतिम दर्शन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। सूचना के मुताबिक, स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू का अंतिम संस्कार गिरिडीह में ही पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।





