


रांची: रांची सदर अस्पताल परिसर में बाइक चोरी की फिराक में घूम रहे एक संदिग्ध को दबोचकर पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का बड़ा खुलासा किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर अस्पताल के आसपास तैनात टाइगर मोबाइल, पीसीआर और पुलिस टीम लगातार निगरानी रख रही थी। इसी दौरान 6 सितंबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सदर अस्पताल परिसर से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ और आरोपी की निशानदेही के बाद लोअर बाजार थाना में मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।





इस कार्रवाई में गिरोह के 6 अभियुक्तों इरफान अंसारी, मो. कैश आलम, मोहसिन राय, इमरान आलम उर्फ भालो, मो. जफरुल्ला और सैफ अंसारी उर्फ राज को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसी छापेमारी के दौरान पुलिस ने वर्ष 2021 के एक पुराने मामले में वांछित प्राथमिक अभियुक्त शाहिद राय (40) को भी गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। बरामद गाड़ियों में JH09AJ-8499, JH01DM2841, JH01BP-4092 और JH05DL-8507 पंजीकरण संख्या वाली मोटरसाइकिलें शामिल हैं। इस पूरे ऑपरेशन का सफल संचालन लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक और सशस्त्र बल की टीम द्वारा किया गया।
