


रांची: झारखंड में JPSC और JSSC CGL परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ और छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर भाजपा ने 8 से 11 सितंबर तक राज्यव्यापी उग्र आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। इस चार दिवसीय प्रदर्शन के दौरान पार्टी राज्य के सभी 24 जिला मुख्यालयों में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक कार्यालयों का घेराव करेगी।





भाजपा ने परीक्षा धांधली की सीबीआई जांच कराने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और आंदोलनकारी छात्रों पर हुए मुकदमों को रद्द करने के मुद्दे पर हेमंत सोरेन सरकार को दिए अल्टीमेटम के बाद यह निर्णय लिया है। प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी के अनुसार, इस अभियान में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता मैदान में उतरेंगे। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू रांची, सरायकेला और खूंटी में कमान संभालेंगे, वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी संथाल परगना के दुमका, पाकुड़, साहेबगंज और गोड्डा जिलों में नेतृत्व करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और मधु कोड़ा भी हजारीबाग, धनबाद, जमशेदपुर और बोकारो जैसे प्रमुख औद्योगिक व शहरी केंद्रों में घेराव प्रदर्शन की अगुवाई करेंगे।
आंदोलन के चरणबद्ध कार्यक्रम के तहत पहले दिन यानी 8 सितंबर को रांची, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर और गढ़वा में घेराव किया जाएगा। 9 सितंबर को कोडरमा, साहिबगंज, बोकारो, पलामू, सिमडेगा और चाईबासा में विरोध प्रदर्शन निर्धारित है। इसके बाद 10 सितंबर को सरायकेला, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा में मोर्चा खोला जाएगा, जबकि अंतिम दिन 11 सितंबर को रामगढ़, देवघर, लोहरदगा, खूंटी, गोड्डा और जामताड़ा में प्रदर्शन के साथ आंदोलन समाप्त होगा। भाजपा ने हर जिले में सुचारू संचालन के लिए जिला संयोजकों की तैनाती कर दी है और स्पष्ट किया है कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता, यह लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी।
