


रांची: झारखंड की राजनीति और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) से जुड़ा एक बदलाव इन दिनों चर्चा में है। पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष और छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट के बायो से ‘JLKM वरीय उपाध्यक्ष’ का पद हटा दिया है। अब उनके बायो में ‘समाजसेवी’ और ‘स्टूडेंट लीडर’ लिखा हुआ है।





देवेंद्र नाथ महतो के सोशल मीडिया प्रोफाइल में हुए इस बदलाव के बाद राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे जेएलकेएम के भीतर संभावित मतभेद से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि वह अपनी पहचान को पार्टी से अलग एक सामाजिक और छात्र नेता के तौर पर पेश करना चाहते हैं।
भर्ती सुधार यात्रा के बीच बदलाव
देवेंद्र नाथ महतो इन दिनों झारखंड के 24 जिलों में JPSC-JSSC भर्ती सुधार यात्रा निकाल रहे हैं। इस यात्रा के जरिए युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को उठाया जा रहा है। इसी दौरान फेसबुक बायो से पार्टी का पद हटाए जाने को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।
जयराम महतो से दूरी की चर्चा
देवेंद्र नाथ महतो और जेएलकेएम प्रमुख जयराम महतो को झारखंड की नई युवा राजनीति और छात्र आंदोलन से जुड़े प्रमुख चेहरों के तौर पर देखा जाता है। ऐसे में देवेंद्र के प्रोफाइल में हुए बदलाव के बाद दोनों नेताओं के बीच दूरी या मतभेद की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।
हालांकि, अभी तक देवेंद्र नाथ महतो या जेएलकेएम नेतृत्व की ओर से इस बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इसलिए पार्टी छोड़ने या दोनों नेताओं के बीच किसी विवाद की बात की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है।
