


इंदौर (मध्यप्रदेश): इंदौर में सोमवार को तेज बारिश के दौरान चलती कार पर इमली का पेड़ गिरने से एक डिप्टी कलेक्टर की 72 वर्षीय मां की मौत हो गई, जबकि इस गाड़ी में सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।





हादसे की सूचना पर राज्य सरकार के नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (एनवीडीए) के संयुक्त संचालक रजनीश कसेरा और अन्य अफसर मौके पर पहुंचे।
उन्होंने कार में फंसे लोगों को नगर निगम के दल की मदद से बाहर निकाला।
कसेरा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एमजी रोड क्षेत्र में तेज बारिश के दौरान जिस चलती कार पर पेड़ गिरा, उसमें चार लोग सवार थे।
उन्होंने बताया कि हादसे में एनवीडीए में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंघी की मां राधा देवी (72) की मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन लोग घायल हो गए।
कसेरा ने बताया कि तीनों घायलों को एक नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
उन्होंने बताया कि डिप्टी कलेक्टर की मां अपनी आंखों का इलाज कराने के बाद अन्य लोगों के साथ घर लौट रही थीं, तभी कार पर भारी-भरकम पेड़ आ गिरा।
कसेरा ने बताया,‘‘हादसे में कार पेड़ के नीचे दबकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।’’
