रांची: जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती प्रक्रिया में धांधली और अनियमितताओं के खिलाफ चल रही राज्यव्यापी भर्ती सुधार पदयात्रा 10 सितंबर को रांची पहुंचेगी। यात्रा के इस अंतिम चरण की जानकारी देते हुए मोरहाबादी स्थित ऑक्सीजन पार्क में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। मौके पर राम अवतार महतो ने बताया कि 11 सितंबर को मोरहाबादी मैदान में राज्यभर से छात्रों और समर्थकों का जमावड़ा होगा, जहां से यात्रा का भव्य स्वागत करते हुए बिरसा मुंडा समाधि स्थल, कोकर (डिस्टिलरी पुल) तक पदयात्रा निकाली जाएगी। समाधि स्थल पर भगवान बिरसा मुंडा की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही इस यात्रा का समापन होगा।

इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक जिले में अध्ययनरत छात्रों और अभ्यर्थियों की समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझना तथा उनके विचारों एवं सुझावों को संकलित करना रहा है। इसके माध्यम से राज्य सरकार की युवा विरोधी नीतियों और भर्ती व्यवस्था में व्याप्त धांधली को उजागर किया गया है। यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राज्य के छात्रों व अभ्यर्थियों की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का एक व्यापक अभियान है। इस अवसर पर दीनबंधु मंडल, चंदन रजक, राजीव कुमार और तुलसी सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।


