रांची: रांची नगर निगम ने पैदल यात्रियों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से फुटपाथों को अवैध होर्डिंग और अवरोधों से मुक्त कराने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। यह कार्रवाई सर्वोच्च न्यायालय और झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा फुटपाथों पर पैदल यात्रियों के आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले विज्ञापनों व अवरोधों को हटाने के संबंध में दिए गए निर्देशों के आलोक में की जा रही है। अभियान के तहत नगर निगम की टीम ने रात 10 बजे से कांके रोड से हरमू बाइपास मार्ग पर कार्रवाई करते हुए फुटपाथ पर लगाए गए दो अस्थायी बैम्बू होर्डिंग, एक मोनोपोल और एक यूनिपोल को हटा दिया। इससे पहले नगर निगम द्वारा संबंधित विज्ञापन एजेंसियों को अवैध होर्डिंग और विज्ञापन संरचनाएं खुद हटाने के लिए सात दिनों का समय दिया गया था। तय समय-सीमा समाप्त होने के बाद अब निगम द्वारा चरणबद्ध तरीके से यह कार्रवाई की जा रही है और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

रांची नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहर के फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाकर नागरिकों, विशेषकर पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित और बाधामुक्त रास्ता प्रदान करना है। निगम ने सभी संबंधित एजेंसियों और विज्ञापन संचालकों से नियमों का पालन करने तथा फुटपाथ पर किसी भी तरह का अनाधिकृत विज्ञापन न लगाने की अपील की है।



