रांची: रिम्स में विभिन्न विभागों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 22 पदों पर नियमित नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रिम्स की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार इन पदों के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन मांगे गए हैं। नियुक्ति ऑर्थोपेडिक, न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया, यूरोलॉजी, सीवीटीएस, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, नियोनेटोलॉजी, न्यूरोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी, कार्डियक एनेस्थीसिया और ट्रॉमा न्यूरोसर्जरी समेत विभिन्न विभागों में की जानी है। सभी पद नियमित बैकलॉग श्रेणी के बताए गए हैं।
असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए एमडी-एमएस या एनएमसी के मानकों के अनुरूप समकक्ष योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी पात्र होंगे। संबंधित विषय में तीन वर्ष का शिक्षण या शोध अनुभव निर्धारित है। वहीं, एमसीएच/डीएम के बाद संबंधित विषय में एक वर्ष का शिक्षण या शोध अनुभव भी मान्य होगा। तीन वर्षीय डीएम/एमसीएच डिग्रीधारियों के लिए अनुभव की आवश्यकता नहीं होगी।
दो चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
नियुक्ति प्रक्रिया को दो चरणों में पूरा किए जाने की संभावना है। पहले चरण में अभ्यर्थियों की पात्रता की जांच की जाएगी। इसके बाद दूसरे चरण में डीन (अकादमिक्स) की अध्यक्षता वाली समिति अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग कर उन्हें साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट करेगी। इसके आधार पर आगे की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

