टेल्को में स्कूल वैन और ऑटो की जोरदार टक्कर, दो महिलाएं घायल, स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल

जमशेदपुर के टेल्को में स्कूल वैन और ऑटो की टक्कर में दो महिलाएं घायल, बच्ची को कान में चोट। स्कूल वैन में मौजूद बच्चा सुरक्षित। चालक की पूछताछ जारी, स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के सेक्टर मार्केट के पास बुधवार को स्कूल वैन और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि एक बच्ची के कान में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। बताया गया कि स्कूल वैन संख्या JH 05C 5840 ने ऑटो संख्या JH 05DJ 7155 को टक्कर मारी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को टेल्को थाना के पीसीआर वाहन से टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों महिलाओं का इलाज चल रहा है। हादसे के समय स्कूल वैन में एक स्कूली बच्चा भी मौजूद था। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक बच्चा सुरक्षित है और बाद में उसके माता-पिता उसे अपने साथ घर ले गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूल वैन के संचालन और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि कुछ स्कूल वैन में जरूरी दस्तावेज, फिटनेस प्रमाणपत्र और चालक की स्थिति की पर्याप्त जांच नहीं होती। कुछ चालकों पर नशे की हालत में वाहन चलाने के आरोप भी लगाए गए हैं।

हालांकि, चालक के नशे में होने समेत इन आरोपों की पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही पुष्टि हो सकेगी। टेल्को थाना पुलिस ने चालक को अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के बाद पूछताछ के लिए थाना ले जाने की जानकारी दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्कूल वैन की नियमित जांच, वाहनों के दस्तावेज और फिटनेस की जांच और चालकों की निगरानी की मांग की है, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।